देहरादून 25 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने को मंजूरी दी है। साथ ही प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 400, 300 और 200 रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। विधानसभा स्तर पर यह राशि 700, 500 और 400 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2000, 1500 और 1000 रुपये निर्धारित की गई है।
वहीं, मुख्यमंत्री कप के तहत ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर दस लाख रुपये कर दी गई है। इसके अलावा प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लबों का गठन किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने के संबंध में समिति गठित करने और सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही आमवाला में मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त चम्पावत जिले के ढकना बडोला स्थित ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
