
गोपेश्वर 26 मार्च
गजेंद्र सिंह
चारधाम यात्रा 2025 के लिए बदरीनाथ मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
उन्होंने सिंहद्वार परिसर, बस टर्मिनल स्थिति स्वागत कार्यालय, विश्रामगृहों, दर्शन पथ, तप्तकुंड परिसर, अलकनंदा घाट आदि का निरीक्षण किया। साथ ही शीतकाल में सुरक्षा व्यवस्था को तैनात जवानों से उनका हालचाल जाना।
बदरीनाथ में एक से डेढ फीट तक बर्फ जमी है, लेकिन मंदिर समिति की परिसंपत्तियां सुरक्षित हैं। सहायक अभियंता विपिन तिवारी ने बताया कि मंदिर के परिसर में चार फीट तक बर्फ मौजूद है, लेकिन दर्शन पंक्ति के रैन शैल्टर कहीं-कहीं पर क्षतिग्रस्त दिखे हैं।
बीकेटीसी के सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल ने बदरीनाथ पहुंचने से पहले टिहरी, घनसाली, कर्णप्रयाग, नन्दप्रयाग, चमोली, पीपलकोटी और जोशीमठ में समिति के विश्राम गृहों का निरीक्षण किया। उन्होंने जोशीमठ में बैठक कर कर्मचारियों को तैयारियों के बाबत दिशा निर्देश दिए।
