
देहरादून 1 अप्रैल
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित इंटर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने बल्ला थाम कर जबरदस्त शॉट के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारों को खेल मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और खेलों से उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट की सराहना करते हुए आमजन को अपनी दिनचर्या में खेल गतिविधि को शामिल करने की भी बात कही।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के हित में निरंतर प्रयासरत है। खिलाड़ियों को अधिकतम खेल सुविधाओं को देने की कोशिश जारी है। आने वाले दिनों में राज्य के खिलाड़ी नेशनल गेम्स की तरह अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक लाकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिंह, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, निदेशक खेल प्रशांत आर्य, खिलाड़ी, क्लब मेंबर सहित खेल कार्यकारणी के सदस्य और दर्शक मौजूद रहे।
