यमकेश्वर 12 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
यमकेश्वर क्षेत्र के स्टेट हाईवे-9 पर दिउली बाजार से नालीखाल तक करीब 40 किलोमीटर सड़क झाड़ियों से घिरी हुई है। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की टहनियां हाईवे तक फैलने से मार्ग संकरा हो गया है। इससे प्रतिदिन आवाजाही करने वाले सैकड़ों वाहनों और उनमें सफर करने वाले यात्रियों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थिति यह है कि झाड़ियों के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई महज सात से आठ फीट रह गई है। ऐसे में आमने-सामने से आने वाले वाहनों को पास देना मुश्किल हो रहा है। पोखरी और भड़ेत के आसपास झाड़ियों का अधिक फैलाव होने से सामने से आने वाले वाहन भी दिखाई नहीं देते। वाहन चालकों को मजबूरन झाड़ियों से सटकर वाहन निकालने पड़ रहे हैं, जिससे यात्रियों को टहनियों से चोट लगने का खतरा बना हुआ है।
वाहन चालक देवेंद्र बिष्ट, अनिल, आशीष और विकास ने बताया कि झाड़ियों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार पास देने के दौरान वाहन आपस में टकराने की नौबत आ जाती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि भृगुखाल, कांडी, ठांगर, बिथ्याणी और अमोला सहित आसपास के गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन ऋषिकेश आते-जाते हैं। ऐसे में हाईवे पर झाड़ियों का बढ़ता फैलाव ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग दुगड्डा से शीघ्र झाड़ी कटान कराकर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
इनसेट
जल्द ही स्टेट हाईवे 9 पर झाड़ी कटान का कार्य शुरू किया जाएगा।
निर्भय सिंह (अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दुगड्डा)
