
पौड़ी 5 जनवरी
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से कल मंगलवार को चाकीसैंण तहसील दिवस का आयोजन राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी में किया जाएगा। तहसील दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया करेंगी। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की समस्याएँ सुनी जाएँगी तथा संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तहसील दिवस में पूर्ण तैयारी के साथ अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें तथा प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस मुख्यमंत्री के जन सरोकारों को सशक्त बनाने की पहल है, जिसके माध्यम से आमजन को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान का अवसर प्राप्त होता है।
