पौड़ी 7 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल में मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए आठ नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदेय स्थलों के युक्तिकरण के तहत प्रस्तुत प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके बाद जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 1008 से बढ़कर 1016 हो जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के माध्यम से प्राप्त भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के क्रम में मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसे मतदान क्षेत्रों के मतदाताओं को सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें मतदान के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ती है।
स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार, श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में दो किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी के कारण आठ नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इन नए मतदेय स्थलों के गठन से संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के लिए अपेक्षाकृत नजदीक सुविधा उपलब्ध होगी।
इस व्यवस्था से मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम होगी और दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं को विशेष रूप से लाभ मिलेगा।
