
पौड़ी/पाबौ 6 जून
गजेंद्र सिंह
विकासखंड पाबौ के विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत कृषक संवाद गोष्ठियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न्याय पंचायत सैंजी के ग्राम चपलोड़ी, न्याय पंचायत पाबौ के ग्राम चोपड़ा और न्याय पंचायत पीपली के ग्राम ताल में संपन्न हुआ।
आयोजित गोष्ठी में अपर कृषि निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. परमा राम ने कहा कि कृषकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी समय पर मिले और वे उनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने यह भी कहा कि किसान इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और वैज्ञानिक खेती को अपनाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र भरसार की वैज्ञानिक डॉ. रश्मि लिम्बु, डॉ. दीपिका चौहान व डॉ. हनी भट्ट ने कृषकों को उन्नत कृषि तकनीक, उत्पादन वृद्धि तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की। विशेषज्ञों ने खेती को लाभकारी और सतत बनाने के लिये किसानों को वैज्ञानिक उपायों पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, भूमि संरक्षण, आदि विभागों के अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गयी। गोष्ठी के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण भी किया गया।
इस अवसर पर कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी पाबौ राम नरेश गुलेरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
