
पौड़ी 21 फरवरी
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत घोलखेतखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
शिविर के दौरान कुल 09 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के तहत 201 लोगों को लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 503 लोगों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।
शिविर की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी भूमि संरक्षण लैंसडाउन स्पर्श काला द्वारा की गई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर समस्याओं के समाधान के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पूर्ति विभाग, रीप सहित कुल 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणबीर सिंह सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी राजबीर सिंह, ग्राम विकास अधिकारी प्रताप सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
