
पौड़ी 11 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2025-26 के अंतर्गत आज जनपद के 15 विकासखण्डों के 60 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 6वीं एवं 9वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि इस योजना के तहत जनपद में कुल 3629 छात्रों द्वारा आवेदन किया गया था। इनमें से 3136 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 493 छात्र अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षा में कक्षा 9 के 1750 तथा कक्षा 6 के 1386 छात्र सम्मिलित हुए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया तथा समस्त परीक्षा केंद्रों पर विभागीय अधिकारियों की निगरानी में परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया गया। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षकों एवं केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति की गयी थी, जिन्होंने परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया।
जिला शिक्षाधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं प्रतिस्पर्धी क्षमता को बढ़ावा देना है। योजना के अंतर्गत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से नियत दर पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से सरकारी एवं राजकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्रों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित किया जाता है।
