पौड़ी 17 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
पुष्कर सिंह धामी की पहल पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड रिखणीखाल के कोटड़ीसैंण में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान प्राप्त सभी 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
आयोजित शिविर में कृषि विभाग की ओर से कृषि यंत्र वितरित किए गए। एक कृषक को चेक प्रदान किया गया, जबकि एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट और एक अन्य लाभार्थी को मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत धनराशि का चेक वितरित किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशपाल चौहान, ग्राम प्रधान सुनीता देवी, खंड विकास अधिकारी देवेश पंत सहित विनोद थपलियाल, शुभम बडोनी, प्रकाश चंद असवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
