
पौड़ी 5 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितम्बर को जनपद में धूमधाम से मनायी जाएगी। समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर एवं जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को जनपद के सभी विद्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों एवं योगदान पर आधारित निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जयंती समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नुक्कड़ नाटक, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संस्कृति विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर तथा घुड़दौड़ी स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने नगर पालिका को शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, प्रबंधक संस्कृति विभाग सरिता सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रीति डिमरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा विभाग राजेंद्र प्रसाद जुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
