
पौड़ी 2 मई
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत ग्वाड़-खिर्सू मोटर मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना के मामले में जिला मजिस्ट्रेट ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। दुर्घटना में आठ लोग आंशिक रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 10 बजे विकासखंड खिर्सू के ग्वाड़-खिर्सू मोटर मार्ग पर मैक्स वाहन (संख्या UK07TA-0725) और मोटरसाइकिल (संख्या UK12C-9088) की आमने-सामने टक्कर हो गयी थी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से करीब 50-60 मीटर नीचे गिर गए। घटना के समय मैक्स वाहन में चालक सहित कुल 7 व्यक्ति सवार थे और मोटर साईकिल में एक व्यक्ति सवार था, जो आंशिक रूप से घायल हो गए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट स्वाति एस. भदौरिया द्वारा उप जिला मजिस्ट्रेट श्रीनगर को मजिस्ट्रियल जांच हेतु नामित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच करते हुए 15 दिवस के भीतर आख्या अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिससे जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
