
पौड़ी 22 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनपद पौड़ी में 17 सितंबर से विभिन्न विभागों के समन्वय से विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और जागरूकता गतिविधियों को पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के तहत 18 सितंबर को नैनीडांडा, 19 सितंबर को एकेश्वर तथा 21 सितंबर को खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य जांच एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं।
अभियान के तहत आगामी दिनों में विकासखंडवार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यमकेश्वर में 23 सितंबर, पौड़ी में 24 सितंबर, पोखड़ा में 28 सितंबर, पाबौ में 30 सितंबर, थलीसैंण में 1 अक्टूबर, बीरोंखाल में 3 अक्टूबर, द्वारीखाल में 6 अक्टूबर, दुगड्डा में 10 अक्टूबर, जयहरीखाल में 13 अक्टूबर, कल्जीखाल में 14 अक्टूबर, रिखणीखाल में 15 अक्टूबर तथा कोट में 17 अक्टूबर को शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी अभियान के तहत विद्यालयों एवं अन्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभिन्न स्थानों पर बच्चों एवं ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। दुगड्डा के मानपुर-4 में पोषण वाटिका, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के महत्व तथा ‘सुनहरे हजार दिन’ की जानकारी दी गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पोषण सामग्री की प्रदर्शनी, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा महालक्ष्मी किट का वितरण किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत-2047’ तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। युवाओं को नवाचार, स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलावों को सामने लाने, जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में सहभागी बनाया जा रहा है। वहीं ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत अभिभावकों को बाल पोषण, टीकाकरण एवं मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के तहत 18 अक्टूबर 2026 तक बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविरों के साथ स्वच्छता अभियान, खेल गतिविधियां, सुशासन संवाद, जागरूकता कार्यक्रम तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विभागों द्वारा अभियान की गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
