
यमकेश्वर 8 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोटद्वार पद की नियुक्ति के लिए यमकेश्वर के कार्यकर्ताओं की सहमति के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक एवं महाराष्ट्र के विधायक विकास ठाकरे और उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने यमकेश्वर पहुंचकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से जिला अध्यक्ष कोटद्वार पद के लिए चयनित 9 नामों पर मौखिक रूप से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से उनका मत जाना।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के विधायक विकास ठाकरे ने यमकेश्वर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा कि आप लोगों के मतों के अनुसार ही जिलाध्यक्ष पद का चयन किया जाएगा और जिलाध्यक्ष का कर्तव्य होगा कि वह बूथ लेवल तक पार्टी को मजबूत करेगा और हर एक कार्यकर्ता का सम्मान करेगा।
इस मौके पर वर्तमान कांग्रेस जिला अध्यक्ष कोटद्वार विनोद डबराल ने महाराष्ट्र के विधायक विकास ठाकरे और कांग्रेस सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित का यमकेश्वर में स्वागत किया और सभी कार्यकर्ताओं से उनका परिचय करवाया।
नवनिर्वाचित गुमालगांव जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल ने भी सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का संदेश दिया और सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ लेवल तक हम सभी को मिलकर काम करना होगा तभी 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत होगी।
बैठक में विकास नेगी (प्रदेश अध्यक्ष सोशल मीडिया), नरेंद्र सिंह बिष्ट (पूर्व कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष), अनिल रतूड़ी (जिला महामंत्री), दीपकचंद, गंगा देवी, मुकेश बडोनी, कीर्ति सिंह बिष्ट, कविता डबराल (जिला पंचायत सदस्य गुमालगांव), अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।
