देहरादून 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों के दम पर देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास में भी मिलना चाहिए। उन्होंने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों से जुड़ाव बनाए रखने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, मानो एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड से दूर रहने के बावजूद प्रवासियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से भावनात्मक रिश्ता हमेशा बना रहता है।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
3.5 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि और बागवानी को रोजगार तथा स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को विपणन के नए अवसर मिल रहे हैं।
पेयजल और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर तेजी से काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से सौंग बांध परियोजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है।
उन्होंने कहा कि किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न शहरों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का समग्र और संतुलित विकास सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही संभव है। सरकार योजनाएं बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, लेकिन विकास को व्यापकता और समृद्धि सामूहिक प्रयासों से ही मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्रियों ने भी रखे विचार
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय उन्हें अपने गांव तक पहुंचने के लिए पैदल जाना पड़ता था, लेकिन आज प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राचीन काल से ही वेद, पुराण, उपनिषद, संस्कृत, योग और आयुर्वेद की समृद्ध परंपराओं की भूमि रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
विधायक विनोद चमोली ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिला है और 44 प्रतिशत लोगों ने रिवर्स पलायन किया है।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि प्रवासियों से निरंतर संवाद और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
