यमकेश्वर 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी हासिल करने के आरोप में पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी (49) को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर यमकेश्वर के बिथ्याणी स्थित गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में कथित तौर पर जाली शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार शर्मा ने थाना यमकेश्वर में तहरीर देकर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. उमेश त्यागी के खिलाफ फर्जी एवं कूटरचित शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति हासिल करने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष और प्रभावी जांच के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर तथा क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में थाना यमकेश्वर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की। साथ ही आरोपी की तलाश लगातार की गई। जांच में जुटाए गए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी डॉ. उमेश त्यागी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व पता मुरादनगर, गाजियाबाद तथा वर्तमान पता बादलपुर, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि, कांस्टेबल संजीव कुमार, एएसआई अहसान अली (सीआईयू) तथा कांस्टेबल अवनीश राणा (सीआईयू) शामिल रहे।
