कोटद्वार 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र की ओर से संचालित तीन माह के उन्नत डिजिटल मार्केटिंग एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 25 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मार्केटिंग का ज्ञान युवाओं और उद्यमियों के लिए बेहद जरूरी हो गया है। डिजिटल प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों के माध्यम से स्थानीय उद्यमी अपने उत्पादों एवं सेवाओं को देश-दुनिया के व्यापक बाजार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यवसाय को नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि तीन माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों और व्यवसायों से जुड़े 25 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षक विवेक जदली ने प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया मार्केटिंग, ऑनलाइन पहचान बनाने, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग, ऑनलाइन प्रचार-प्रसार और एआई आधारित उपकरणों के माध्यम से कारोबार को आगे बढ़ाने के गुर सिखाए गए।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं उद्यमियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों में दक्ष बनाकर उनके व्यवसायों को ऑनलाइन पहचान दिलाना और बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ाना है।
इस मौके पर जिला उद्योग केंद्र के पूर्व महाप्रबंधक नरसिंह कर्णवाल, प्रबंधक राजेंद्र आर्य, सहायक प्रबंधक सलोनी नेगी एवं रिंकी कुकरेती, नीरज बंगारी तथा सिडकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सिडकुल निर्माता संघ, ग्रोथ सेंटर सिगड्डी के सचिव विवेक चौहान ने किया।
