देहरादून 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बाल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी का नैतिक दायित्व है। बच्चों का सर्वांगीण विकास ही एक सशक्त, समृद्ध और उज्ज्वल समाज की मजबूत नींव है।
राज्यपाल ने बच्चों से बदलते समय की आवश्यकताओं को समझते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी ज्ञान और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। नई तकनीक का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने के साथ ही उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि देश को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य तक पहुंचाने में आज के बच्चों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए बच्चों को आधुनिक ज्ञान, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमताओं के साथ आगे बढ़ना होगा।
राज्यपाल ने बाल दिवस के अवसर पर सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि प्रत्येक बच्चे को समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रदेश के सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सुखद एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की।
