देहरादून 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प युवाओं के पुरुषार्थ, प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही साकार होगा। देश की अमृत पीढ़ी के कंधों पर राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के साथ ही अपनी ऊर्जा और क्षमताओं का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करना चाहिए।
राज्यपाल शुक्रवार को लोक भवन प्रेक्षागृह में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की जिज्ञासाओं में ज्ञान के प्रति ललक, भविष्य को लेकर उम्मीदें और समाज व राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प स्पष्ट दिखाई देता है। यही अमृत पीढ़ी की सबसे बड़ी ताकत है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारी राष्ट्रीय चेतना का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए। इसका अर्थ अपने परिवार और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों की उपेक्षा करना नहीं, बल्कि अपने प्रत्येक प्रयास और उपलब्धि को राष्ट्रहित से जोड़ना है। विद्यार्थी का निष्ठापूर्वक अध्ययन, वैज्ञानिक का अनुसंधान, सैनिक का सीमाओं की रक्षा करना, चिकित्सक की सेवा और उद्यमी द्वारा रोजगार का सृजन करना भी राष्ट्रसेवा के ही अलग-अलग स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, संवेदनशीलता और आत्मसंयम जैसे गुण ही व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में श्रेष्ठ बनाते हैं।
उन्होंने युवाओं से नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और सुविधाएं हम सभी की सामूहिक धरोहर हैं, जिनकी सुरक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, संयमित और ऊर्जावान होना बेहद जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। योग, खेल, व्यायाम, ध्यान, साहित्य और सकारात्मक संगति को जीवन का हिस्सा बनाकर वे अपने व्यक्तित्व को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का शरीर, उनकी प्रतिभा और उनकी ऊर्जा राष्ट्र की अमानत है।
आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुल रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, कौशल भारत, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया और मेरा युवा भारत जैसी पहलें शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता को नई दिशा दे रही हैं।
उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने का आह्वान करते हुए कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता के लिए निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास जरूरी है। प्रत्येक दिन स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाता है।
राज्यपाल ने कहा कि युवाओं की सफलता उत्तराखण्ड की सफलता बने और उनके सपनों में भारत का भविष्य दिखाई दे। उनकी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़े तथा प्रत्येक कार्य में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव झलके। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर राज्यपाल के विधि सलाहकार धनंजय चतुर्वेदी, अपर सचिव रीना जोशी, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्राध्यापक, शिक्षाविद और युवा प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
