पौड़ी 22 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में रविवार को आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। देवलेश्वर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। घाटी के 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने मंदिर पहुंचकर देवलेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
वर्ष 2016 में शुरू हुआ देवलेश्वर महादेव का यह मेला इस वर्ष 11वें पड़ाव पर पहुंच गया है। मेले को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ग्रामीणों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की पहचान वहां की भौगोलिक सुंदरता के साथ-साथ उसकी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से भी होती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इस क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे आयोजन पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि दूसरे क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचकर स्थानीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित हो सकें। इससे नई पीढ़ी को भी अपनी लोक संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि वह पिछले वर्ष भी मंदिर परिसर में आई थीं। उस दौरान मंदिर समिति और स्थानीय लोगों की ओर से कुछ विकास कार्यों के सुझाव दिए गए थे। अब उन सुझावों के अनुरूप मंदिर परिसर में कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि देवलेश्वर महादेव मंदिर की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए इसके विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए भविष्य में भी प्रयास किए जाएंगे।
मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि जिलाधिकारी को पिछले वर्ष दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, स्थायी मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक पहाड़ी शिल्पकला को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर के इतिहास, स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व की जानकारी देने वाले सूचना पट्ट भी लगाए गए हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलने के साथ ही मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिली है।
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत पौराणिक नाट्य मंचन ‘कमलव्यूह’ आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। महाभारत के प्रसंगों पर आधारित इस मंचन में कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंच पर पौराणिक घटनाओं का सजीव चित्रण देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान बलोड़ी पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा, मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, प्रमोद मंद्रवाल, कार्यक्रम संचालक नागेंद्र जुगराण, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत, यशवंत थपलियाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
