पौड़ी 22 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद पौड़ी में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय पौड़ी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार त्यागी ने नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित अभियान में प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाना बेहद जरूरी है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्यागी ने बताया कि जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 656 बूथ स्थापित किए गए हैं। इन बूथों के माध्यम से जिले में 50 हजार 404 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि रविवार को बूथ पर किसी कारणवश दवा पीने से छूट गए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें 23 और 24 नवंबर को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जनपद के प्रत्येक पांच वर्ष तक के बच्चे तक पहुंचकर उसे पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
इस दौरान डॉ. जीशान अली, प्रीती रतूड़ी, नरेंद्र रावत, विधि भंडारी, रेखा कपरवाण, त्रिलोक सिंह नेगी, नागेंद्र रावत सहित आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
