देहरादून 25 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन भी किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
