पौड़ी 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
सर्दी का प्रकोप बढ़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने शीतलहर से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के दौरान कोई भी निराश्रित या जरूरतमंद व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो। इसके लिए रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों और उपजिलाधिकारियों को रैन बसेरों में कंबल, बिस्तर, तकिए, शौचालय, पेयजल और हीटर की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाम के समय अलाव की व्यवस्था देखने वाले कर्मचारी निराश्रित और बेसहारा लोगों को चिह्नित कर रैन बसेरों तक पहुंचाने में भी मदद करें। जरूरतमंदों को निर्धारित सूची के अनुसार निशुल्क कंबल वितरित किए जाएं।
उन्होंने बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजारों, पड़ावों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों और ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। अधिकारियों को व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के साथ आकस्मिक जांच करने के निर्देश भी दिए गए।
पाला प्रभावित क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील मार्गों, तीखे मोड़ों और अधिक ठंड वाले स्थानों पर चूना व नमक का छिड़काव कराने को कहा। बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक में निराश्रित पशुओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी को आवश्यक एडवाइजरी जारी करने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नगर निकायों के सहयोग से गौशालाओं में सुरक्षित आश्रय, चारा, अलाव और दवाओं की व्यवस्था करने को कहा। वहीं, निराश्रित पशुओं को खुले में छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शीतलहर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और स्ट्रोक के मरीजों को ठंड से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। इसके लिए एक सप्ताह के भीतर प्रमुख स्थानों पर जागरूकता संबंधी होर्डिंग लगाने को कहा गया।
बैठक में पूर्ति विभाग ने बताया कि जनपद के दो गोदामों में तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए राशन मंगाया गया है। जिलाधिकारी ने दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा। वहीं, यूपीसीएल को बिजली का भार बढ़ने या फ्यूज उड़ने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने तथा जरूरत के अनुसार विद्युत क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को सभी विभागों से तैयारियों और कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतलहर, पाला और बर्फबारी के दौरान जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, प्रभारी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीडीएमओ दीपेश काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
