ऋषिकेश 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम शैक्षणिक, शोध एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.के. महाजन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय किसी भी विश्वविद्यालय का प्रमुख ज्ञान केंद्र होता है। इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को नवीनतम ज्ञान और अध्ययन सामग्री से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी में इंडिका, आद बुक, मेट्रो, ऋषभ, सीबीएस प्रगति, गगन, इन्द्र, एस. चंद, साहित्य भवन और पीयरसन सहित विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशकों ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, मानविकी, सामाजिक विज्ञान, शिक्षा और विधि समेत विभिन्न विषयों की नवीनतम पुस्तकों का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कुलपति ने विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए। कार्यक्रम में प्रो. डी.सी. गोस्वामी द्वारा लिखित पुस्तक ‘पर्यावरण अध्ययन एवं गुणात्मक शिक्षा’ का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति नेगी, वित्त अधिकारी मनोज कुमार पाण्डेय, परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष, संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
