उत्तरकाशी 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनका दर्द साझा किया और प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड से प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नुकसान का वास्तविक और विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य भी कराए जाएंगे। हालांकि, फिलहाल सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना है। सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ ही उनका छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह तक राशन उपलब्ध कराया जाए। वहीं, बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार विद्यालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और सामान्य जीवन में लौटने में हरसंभव मदद करना है।
