देहरादून 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग को सशक्त बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। साथ ही ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन की जिम्मेदारी साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करने के साथ ही पीड़ितों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाने की है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज स्थापित रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाना राज्य सरकार का संकल्प है। न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
