देहरादून 26 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लोक भवन में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने संविधान की उद्देशिका का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं आचरण में अपनाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और गरिमा की रक्षा का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी चिंतन, अथक प्रयासों और समर्पण के परिणामस्वरूप देश को ऐसा संविधान मिला, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर आधारित है।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही संवैधानिक मूल कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संविधान के आदर्शों और मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी धनंजय चतुर्वेदी, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
