पौड़ी 27 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पौड़ी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से शुरू हुई रैली के माध्यम से आमजन को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी रमेश चंद और जिला कार्यक्रम अधिकारी महबूब खान ने रैली में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और पराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने और उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए बाल विवाह का उन्मूलन जरूरी है।
इस अवसर पर बाल विकास कार्यालय से विकास बहुगुणा, पिंकी नेगी, बीना रावत, मानसी रावत और सविता नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
