देहरादून 27 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
भारत की जनगणना 2027 के तहत संचालित स्व-जनगणना अभियान को गति देने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में जागरूकता एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्व-जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ इसका अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनगणना विभाग, उत्तराखंड की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने की। इस दौरान दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा ध्यानी डंगवाल, कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, डीन डॉ. एचसी पुरोहित, जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर गिरीश थपलियाल तथा जनगणना विभाग के उपनिदेशक राजू बनवारी और प्रदीप यादव मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ, स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल फोन के माध्यम से अपनी लोकेशन प्राप्त करने, स्व-जनगणना पोर्टल पर आवश्यक जानकारियां दर्ज करने और स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रतिभागियों ने स्वयं पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले स्व-जनगणना आईडी जनरेट करने वाले प्रतिभागियों को दस-दस के समूह में शामिल कर लॉटरी के माध्यम से विजेताओं का चयन किया गया। कुलपति प्रो. सुरेखा ध्यानी डंगवाल ने चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं स्व-जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।
