पौड़ी 27 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद में आगामी 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित यह लोक अदालत जिला न्यायालय पौड़ी सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में लगेगी। इसमें विभिन्न प्रकार के सुलह योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्म सिंह की अध्यक्षता में बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं के साथ प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिला जज ने संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय बनाकर सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय लोक अदालत में चेक अनादरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, धन वसूली, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, किरायेदारी, दीवानी वाद, विद्युत एवं जल बिल, भूमि अधिग्रहण, राजस्व और उपभोक्ता संबंधी मामलों सहित अन्य सुलह योग्य प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा बैंकों के प्री-लिटिगेशन मामलों को भी आपसी सहमति से सुलझाया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अपने सुलह योग्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर शीघ्र, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने की इस व्यवस्था का लाभ उठाएं।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नाजिश कलीम, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्ता एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
