पौड़ी 28 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
सेंट थॉमस स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 में आईसीएसई के टॉपर शौर्य असवाल और आईएससी के टॉपर गीतांजलि नेगी एवं योगेश लिंगवाल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और हर चुनौती का आत्मविश्वास के साथ सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयां आना स्वाभाविक है, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। संघर्षों से घबराने के बजाय उनका डटकर मुकाबला करना चाहिए, क्योंकि जीत हमेशा हौसला रखने वालों की होती है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन मूल्य देने के साथ उन्हें पर्याप्त समय भी दें। बच्चों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल ने जनपद में विकास कार्यों को नई दिशा देने के लिए जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने श्रीनगर के वेस्ट टू वंडर पार्क, जिला संग्रहालय के सुदृढ़ीकरण, पौड़ी प्रगति पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पहल, पर्यटन विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में हो रहे प्रयास जनपद को नई पहचान दिला रहे हैं। जिलाधिकारी का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन करना बच्चों के लिए प्रेरणादायी है।
वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य नाटिकाओं, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता, भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं का संदेश दिया। आकर्षक वेशभूषा और शानदार मंच प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल, प्रधानाध्यापिका सिस्टर सौमिनी, उप प्रधानाचार्य सिस्टर मेरिन, बिजनौर डायसिस के उपाध्यक्ष फादर फ्रांसिस केओ सहित रीना रौथाण, वंदना मुदगिल, गीता रावत, पूजा चमोली, नरेंद्र सिंह, संजय जुयाल, प्रीति नेगी, मुकेश पंवार, सुबोध उनियाल, जैतलिन, अजय और शंकर सहित शिक्षक-कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
