
देहरादून 31 दिसम्बर
गजेंद्र सिंह
शीतकालीन चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। 30 दिसंबर तक 15314 तीर्थयात्री चार धाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें बाबा केदारनाथ के शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सबसे अधिक 6482 श्रद्धालु पहुंचे हैं।
इसके अलावा, पांडुकेश्वर में 5104 तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए, जबकि गंगोत्री धाम के प्रवास स्थल मुखबा में 3114 श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। यमुनोत्री धाम के प्रवास स्थल खरसाली में 614 तीर्थयात्री मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आठ दिसंबर को पंच केदार शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में पंच केदार शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह है।
शासन प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। ठंड से बचाव के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं।
