थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल) 12 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए ₹52.55 करोड़ की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹30.50 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹22.04 करोड़ से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने महोत्सव में पहुंचे क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जौनपुर महोत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड के युवा भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
टिहरी को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। करीब ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों को विशेष पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग ₹6 करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूरा कराया गया है। वहीं, ₹10 करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूरा हो चुका है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में ₹8 करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
पलायन रोकने के लिए स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री की है। स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
धनौल्टी क्षेत्र को मिलीं विकास की कई सौगातें
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख की स्वीकृति तथा भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4 करोड़ 72 लाख की स्वीकृति शामिल है।
इसके अलावा थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की गई। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
कृषक और साहित्यकार को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामसभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं ग्रामसभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
