देहरादून 30 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। डीबीटी के माध्यम से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सर्वे ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला, देहरादून में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के 8 लाख 08 हजार से अधिक किसानों के खातों में 161.96 करोड़ रुपये की सम्मान निधि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 2019 में जब योजना की पहली किस्त जारी हुई थी, तब प्रदेश में लगभग 4 लाख किसान लाभान्वित हुए थे, जो आज बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे देश की सुरक्षा में जवानों का योगदान है, वैसे ही खाद्य सुरक्षा में किसानों की भूमिका अहम है। केंद्र सरकार किसान सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है:- प्रदेश में नहरों से सिंचाई पूरी तरह निःशुल्क की गई है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान।
115 करोड़ के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार।
पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती के लिए 1000 करोड़ की लागत से उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी।
फल उत्पादन के लिए नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन, जिनमें 80 प्रतिशत तक अनुदान।
महक क्रांति नीति के तहत 7 एरोमा वैली और 23 हजार हेक्टेयर में सुगंधित खेती।
हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार।
अनुपूरक बजट में धान-गेहूं खरीद के लिए 1100 करोड़ का प्रावधान।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पीएम किसान निधि किसानों की कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम है। राज्य में लैवेंडर और डेंडेलियन जैसी औषधीय फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आपदा प्रभावित किसानों को अतिरिक्त सहायता देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पाण्डेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
