
देहरादून 3 अप्रैल
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय विद्यालयों में आवश्यकतानुसार नए विषय खोलने के लिए सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, विद्यालयों के उच्चीकरण, कलस्टर विद्यालयों की स्थापना, और डी व सी श्रेणी के स्कूलों से संबंधित प्रस्ताव भी इस माह तक शासन को भेजने को कहा गया है।
इसके साथ ही, सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या में गिरावट को देखते हुए विभागीय स्तर पर जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डॉ. रावत ने अधिकारियों को सभी विद्यालयों में पेयजल, विद्युत, फर्नीचर, कंप्यूटर, और शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत बच्चों के प्रवेश सुनिश्चित करने, किताबों, स्कूल ड्रेस, और मनमानी फीस वृद्धि को लेकर विभाग द्वारा जारी टोल फ्री नंबर पर दर्ज शिकायत का शीघ्र निस्तारण करने को भी अधिकारियों को कहा गया है।
