

ऋषिकेश 27 मार्च
गजेंद्र सिंह
तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक निराश्रित मूक बधिर महिला को नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने नगर निगम की टीम के सहयोग से नारी निकेतन में भर्ती कराया है। महिला की पहचान महेशी देवी (38) के रूप में हुई है, जो नंदानगर चमोली गढ़वाल की निवासी है।
नगर आयुक्त ने बताया कि उन्हें पौड़ी गढ़वाल निवासी गणेश खुगशाल गणी और प्रदीप सुंदरियाल से दूरभाष पर सूचना मिली थी कि एक निराश्रित मूक बधिर महिला चन्द्रभागा पुल के करीब भटक रही है। जो असहाय व बीमार प्रतीत दिख रही है और उसे तत्काल सहायता की जरूरत है।
नगर निगम टीम ने महिला को आईएसबीटी स्थित महिला रैन बसेरा पहुंचाया, जहां उसे आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद नगर आयुक्त ने जिला प्रोबेशन अधिकारी देहरादून को फोन पर सूचित कर भर्ती का अनुरोध किया। जिसके चलते नगर निगम ऋषिकेश की टीम ने महिला को नारी निकेतन में भर्ती कराया है।
