पौड़ी 6 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से विकासखंड थलीसैंण में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत किया गया।
शिविर में पात्र लाभार्थियों की आवश्यकताओं के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण, चिन्हीकरण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया की गई। इस दौरान 106 वरिष्ठ नागरिकों एवं 5 दिव्यांगजनों सहित कुल 111 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। इसके अलावा 23 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा 24 लाभार्थियों के यूडीआईडी कार्ड के लिए भी चिन्हीकरण किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि एडिप योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा निर्धारित आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र जरूरी है। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होते हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से शिविरों में प्रतिभाग कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि एलिम्को के सहयोग से जनपद में कुल 11 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जा रहा है। परीक्षण के आधार पर संबंधित लाभार्थियों के लिए आवश्यक सहायक उपकरणों का चिन्हीकरण किया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुरूप उन्हें उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन इन शिविरों में प्रतिभाग करें, ताकि जरूरतमंद लोगों का समय पर चिन्हीकरण कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख राजेश्वर, खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोठियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी शालिनी बलोदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
