
यमकेश्वर 14 अक्टूबर
गजेंद्र सिंह
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी यमकेश्वर के छात्र-छात्राओं ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में चल रहे अखिल भारतीय कृषि मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कृषि के वैज्ञानिक मॉडल, वैज्ञानिक पद्धति का कृषि में उपयोग, नवीन कृषि उपकरण, हस्त निर्मित वस्त्र, पशुपालन, औषधीय पुष्प एवं पौधों, मृदा परीक्षण आदि की जानकारी प्राप्त की।
गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय से 21 छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधिमंडल शैक्षणिक भ्रमण हेतु 11 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक पंतनगर विश्वविद्यालय में भ्रमण के लिए सहायक प्राध्यापक डॉक्टर उमेश त्यागी व डॉक्टर हिमानी बडोनी एवं प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में गया था। जहां छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय का भ्रमण किया और सभी कृषि पद्धतियां सीखीं।
इस दौरान पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने छात्र-छात्राओं से कृषि मेले के संबंध में चर्चा की और अपने क्षेत्र के सभी किसानों को कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए कहा।
इस अवसर पर गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर योगेश कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान, डॉ जितेंद्र क्वात्रा, निदेशक प्रसार, डॉ मनमोहन सिंह का आभार व्यक्त किया कि उनकी वजह से दूरस्थ स्थान बिथ्याणी यमकेश्वर के छात्रों ने पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे बड़े संस्थान में शैक्षणिक भ्रमण का लाभ लिया और अनेक कृषि पद्धतियां सीखी जिससे छात्र-छात्राएं अपने क्षेत्र के किसानों को भी जागरूक करेंगे।
