श्रीनगर 21 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
विश्व शौचालय दिवस एवं सार्वभौमिक बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की ओर से शनिवार को सेंट थेरेसा कॉन्वेंट स्कूल श्रीनगर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, स्वच्छता, बाल संरक्षण कानूनों, नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने की।
शिविर को संबोधित करते हुए सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों का उचित उपयोग स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का भी महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने बाल अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, समानता, सुरक्षा और संरक्षण का अधिकार प्राप्त है। बाल श्रम, बाल विवाह और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए सभी को जागरूक होना आवश्यक है। इस दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012 और किशोर न्याय अधिनियम-2015 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देने के साथ ही सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की गई। वहीं, साइबर सुरक्षा के संबंध में साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अनजान लिंक एवं व्यक्तियों से सतर्क रहने के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों को इंटरनेट का सावधानीपूर्वक और सुरक्षित इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए बताया गया कि जरूरतमंद व्यक्ति इस नंबर पर संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। रिटेनर अधिवक्ता ने बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण हेतु विधिक सेवाएं योजना-2015 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही संकट में फंसे बच्चों की मदद के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की उप प्रधानाचार्या रेव. सिस्टर स्मिता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र प्रियंका रॉय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
