
देहरादून 27 फरवरी
गजेंद्र सिंह
उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री किरन रावत ने कहा है कि उत्तराखंड में परिसीमन की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है, जिसका दल विरोध करेगा। उत्तराखंड क्रांति दल ने पहले भी जनसंख्या आधारित परिसीमन का विरोध किया था, लेकिन परिसीमन आयोग ने उनकी मांग को नकार दिया और पहाड़ी क्षेत्रों की 6 सीटें कम कर दीं।
इस बार उत्तराखंड क्रांति दल ने स्पष्ट किया है कि वह जनसंख्या आधारित परिसीमन को किसी भी सूरत में नहीं होने देगा। दल का कहना है कि अगर केंद्र सरकार परिसीमन करना चाहती है, तो वह भौगोलिक आधार पर परिसीमन करे और पहाड़ी क्षेत्रों की विधानसभा सीटें बढ़ाने के लिए सिफारिश करे।
उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अनावश्यक और निष्प्रभावी कानून बनाकर जनता को गुमराह कर रही है। दल ने यह भी कहा है कि राष्ट्रीय पार्टियां जनसंख्या आधारित परिसीमन करवाकर उत्तराखंड राज्य की अवधारणा को समाप्त करना चाहती हैं।
