

देहरादून 23 फरवरी
गजेंद्र सिंह
हैदराबाद में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला ‘टेक्नोलॉजी सभा’ में उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. कुमार ने कहा कि उत्तराखंड डिजिटल सेवाओं और एआई का लाभ स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही सामाजिक और सरकारी क्षेत्रों में भी सतत विकास और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए कर रहा है।
उन्होंने बताया कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से राज्य के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के सरकार के मिशन को सफलता मिली है। यह सम्मान स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को समर्पित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार किया गया है। राज्य में डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
डॉ. कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से सुदूर गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह प्रयास टेलीमेडिसिन से ही संभव हो पाएं हैं। डॉ. आर राजेश कुमार की पहल ने उत्तराखंड के भौगोलिक एवं पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा विस्तार के लिए डिजिटलीकरण, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम मेधा (एआई) का उपयोग करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
