
पौड़ी 26 सितम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों एवं अन्य लाभार्थियों को बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी दी गयी।
बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र घड़ियाल में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं के साथ ही पोषण संबंधी जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम द्वारा उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र सपलोडी में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में उपप्रधान को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित लोगों को बाल विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में बाल विकास परियोजना एकेश्वर में राष्ट्रीय 9वें पोषण माह के अंतर्गत पोषण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दो गर्भवती महिलाओं, एक धात्री महिला एवं चार किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। साथ ही एक अतिकुपोषित बच्चे को पोषण किट प्रदान की गई। परियोजना अधिकारी ने पोषण के महत्व पर जानकारी दी, जबकि सुपरवाइजर रक्षा जोशी ने विभागीय योजनाओं एवं उनके माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि जनपद में कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
