पौड़ी 28 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
जनपद में सेब और कीवी की खेती को बढ़ावा देने के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ओर से राजकीय प्रजनन उद्यान खाण्ड्यूसैंण में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 26 और 27 नवंबर को आयोजित प्रशिक्षण में 90 किसानों एवं विभागीय कार्मिकों ने प्रतिभाग कर आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी हासिल की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. वाईएस परमार विश्वविद्यालय, सोलन (हिमाचल प्रदेश) के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. जेएस चन्देल ने किसानों को सेब और कीवी उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने नए बगीचों की स्थापना, पौधों की देखभाल, कटाई-छंटाई की वैज्ञानिक विधियों तथा फसलों में लगने वाले रोगों की पहचान और उनकी रोकथाम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी ने कहा कि पौड़ी जनपद की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां सेब एवं कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल हैं। इन फलों की व्यावसायिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर फलोत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की ओर से सेब मिशन के तहत किसानों को 60 प्रतिशत और कीवी मिशन के तहत 70 प्रतिशत तक राजसहायता दी जा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से किसान नए फलोद्यान स्थापित कर बागवानी को आय का बेहतर साधन बना सकते हैं।
