पौड़ी 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पहाड़ की लोक संस्कृति, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौड़ी में 16 से 18 नवंबर तक तीन दिवसीय शरदोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका पौड़ी की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत 14 नवंबर से फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू होगी। वहीं, मुख्य महोत्सव के दौरान फोटोग्राफी एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, आकर्षक झांकियां, बेबी शो, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 16 नवंबर की शाम आयोजित होने वाली नाइट सफारी भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि शरदोत्सव को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए इसे पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने आयोजन में युवाओं, कलाकारों, स्थानीय नागरिकों और स्वयं सहायता समूहों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
नाइट सफारी के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए रूट प्लान, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने बच्चों सहित सभी प्रतिभागियों और दर्शकों की सुरक्षा तथा सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था करने, जबकि पुलिस एवं परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पौड़ी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘पौड़ी एक पहल’ के तहत पर्यटन विषयक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों, खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताओं तथा पर्यटन विभाग को पर्यटन गतिविधियों के संचालन में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा आयोजन स्थल की साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन, स्टॉल प्रबंधन और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि महोत्सव में पहुंचने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके।
बैठक में एडीएम पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, डीडीओ रमेश चंद्र, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, एआरटीओ मंगल सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ गोविंद सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, ओम प्रकाश जुगरान, सदस्य किसान आयोग, व्यापार मंडल सचिव देवेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका सभासद एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
