पौड़ी 13 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
पौड़ी शहर की ऐतिहासिक विरासत को संवारने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया और नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने जिला कार्यालय के समीप हिमालय पुत्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही डमरू हॉल के नीचे नवनिर्मित दुपहिया वाहन पार्किंग का भी शुभारंभ किया गया।
हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर प्रतिमा स्थल की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने इसके सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए थे। इसके लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से 4.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई और निर्माण कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिका को सौंपी गई। इसके तहत प्रतिमा स्थल पर छत निर्माण, रेलिंग, फ्लोरिंग सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं। लोकार्पण के अवसर पर जिलाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय लोगों ने इस पहल को शहर की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
वहीं, शहर में बढ़ती पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए डमरू हॉल के नीचे विकसित दुपहिया वाहन पार्किंग का भी शुभारंभ किया गया। इस पार्किंग में एक साथ करीब 150 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इससे शहर के व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगेगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए सभी से अपने दुपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ आमजन और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। व्यवस्थित पार्किंग से जाम की समस्या कम होगी और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पौड़ी को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि पार्किंग की नई सुविधा से स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और पर्यटकों को राहत मिलेगी। उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में आमजन से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर व्यापार सभा के प्रतिनिधि, नगर पालिका सभासद, पालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
