देहरादून 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस नई डिजिटल पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक ने कहा कि डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आमजन तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। डिजिटल माध्यमों के उपयोग के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। बिना पुष्टि किए किसी खबर या सूचना को आगे प्रसारित करने से बचना चाहिए।
सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इन माध्यमों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरेला, इगास और छठ पूजा जैसे पर्वों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया तक पहुंच रही है। उन्होंने युवा पीढ़ी और पत्रकारिता के विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक संवाद, विश्वसनीय सूचनाओं के प्रसार और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए करने की अपील की।
इससे पूर्व सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी, अपर जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ सहायक इंद्रेश कोठारी सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
