पौड़ी 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव का सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, विद्यार्थियों की ओर से निकाले गए रूट मार्च ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, संस्कृति और हुनर प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने तथा बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं और स्थानीय उत्पादों की मांग तथा पहुंच लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य को संवारने की अपील की। कहा कि युवा देश और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
शरदोत्सव के तहत आयोजित वार्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के पहले मैच में वार्ड संख्या-8 की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या-7 की टीम को 5-0 से करारी शिकस्त दी।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
