पौड़ी 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
नवजात शिशुओं को जीवन के शुरुआती दिनों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से 21 नवंबर तक नवजात शिशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आमजन को भी जागरूक किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने किया। उन्होंने कहा कि नवजात अवस्था में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं की समय पर पहचान और उचित उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ ही नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले शिशुओं की समयबद्ध पहचान सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से बेहतर निगरानी और प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी ने नवजात शिशुओं की जन्म के तुरंत बाद देखभाल, कंगारू मदर केयर, स्तनपान, टीकाकरण और संक्रमण से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिशुओं में दिखाई देने वाले खतरे के संकेतों की पहचान, समय पर उपचार और आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की प्रक्रिया भी समझाई।
प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, चिकित्सा अधिकारी और नर्सिंग अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला चिकित्सालय के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. राजनंदिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
