देहरादून 16 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर जनगणना अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से भी राष्ट्रीय महत्व की इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजनाएं तैयार करने में सहायक होंगे। इससे पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित की जा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से निर्धारित समयावधि में सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों को आवश्यक सहयोग देने की अपील की।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल पर स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार एवं राजू कुमार बनवारी तथा सहायक निदेशक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
