देहरादून 17 नवम्बर
गजेंद्र सिंह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए अभियान की सफलता पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 47 दिनों तक साइकिल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के प्रकृति के प्रति समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा महज दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की सार्थक पहल है।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का जुड़ाव दोनों देशों की साझा विरासत और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी का संदेश ‘प्रकृति ही प्रभु है’ भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की मूल भावना को दर्शाता है। प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता का आकलन कर विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है। उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर कार्य कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण में जनभागीदारी के साथ महिलाओं और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दो अक्टूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई यह यात्रा 47 दिनों में तीन हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर संपन्न हुई। इस दौरान नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था।
आपदा प्रबंधन सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया। यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ विषय पर होने वाले सम्मेलन में आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, प्रबंधन की तैयारियों, आधुनिक तकनीकों और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभव, ज्ञान और नवाचारों का आदान-प्रदान करना है।
इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और प्रकृति पथ साइकिल यात्रा के सदस्य मौजूद रहे।
